ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी सीनेट पर जीत की ओर तो डेमोक्रेटिक हाउस

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के लिए क़रीब 60 महिलाएं चुनी गई हैं. अभी सैकड़ों डिस्ट्रिक्ट के नतीजे आने बाक़ी हैं.

सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी को बहुमत मिलने का मतलब है कि ट्रंप को कार्यकारी और न्यायिक नियुक्तियों में कोई चुनौती नहीं दे पाएगा. अब ये देखना होगा कि रिपब्लिकन पार्टी की जीत कितनी बड़ी होती है. हालांकि हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में कहानी कुछ अलग है. यहां डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत से ट्रंप की नीतियों को झटका लगेगा. डेमोक्रोटिक पार्टी इस जीत के ज़रिए ट्रंप को चुनौती देने और मज़बूती से सामने आएगी. डेमोक्रेटिक पार्टी को कई डिस्ट्रिक्ट में जीत मिली है. इनमें वर्जीनिया, इलिनोइस और फ्लोरिडा भी शामिल हैं.

अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने चुनावी नतीजों को बेशुमार कामयाबी क़रार दिया है. ट्रंप ने चुनावी रुझानों को लेकर पहला ट्वीट किया है. ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी सीनेट में बहुमत को कायम रखने में कामयाब रही है. हालांकि हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में रिपब्लिकन पार्टी ने बहुमत खो दिया है.

सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़ डेमोक्रेटिक पार्टी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में बहुमत हासिल करने की ओर बढ़ रही है. पिछले आठ सालों में यह पहली बार होगा जब डेमोक्रेटिक पार्टी लोवर चेंबर में बहुमत हासिल करेगी. इसका मतलब यह हुआ कि डेमोक्रेट्स हाउस ऑफ कमिटी के ज़रिए ट्रंप प्रशासन के ख़िलाफ़ जांच के आदेश देने में सक्षम होंगे. रिपब्लिकन बिल को रोका जा सकता है और ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग लाने में भी आसानी होगी क्योंकि इसके लिए हाउस में सामान्य बहुमत की ज़रूरत होती है.

राशिदा तालिब अमरीका की पहली मुस्लिम महिला हैं जो कांग्रेस के लिए चुनी गई हैं. इसके साथ ही मिनेसोटा से सोमाली मूल की अमरीकी महिला इल्हान उमर ने जीत दर्ज की है.

रिपब्लिन पार्टी के माइक ब्राउन ने इंडियाना में अपना विजय भाषण दिया है. माइक ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोई डॉनली को मात दी है.

डेमोक्रेटिक पार्टी की ग्रेचन व्हाइटमेर उन 11 महिलाओं में से हैं जो इस चुनावी दंगल में शामिल थीं. समाचार एजेंसी एपी का कहना है कि वो मिशिगन के गवर्नर का चुनाव जीतने की ओर हैं. ग्रेचन की जीत के साथ ही मिशिगन में रिपब्लिकन पार्टी का आठ सालों का वर्चस्व ख़त्म हो जाएगा.

रिपब्लिकन पार्टी सीनेट में बहुमत की तरफ़ बढ़ रही है- सीनेट में अभी 51-49 का बहुमत है. दूसरी तरफ़ हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रिटक पार्टी बहुमत की तरफ़ बढ़ रही है. सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी को बहुमत मिलता है तो ट्रंप अपनी नीतियों को आगे बढ़ाने में सक्षम होंगे.

रिपब्लिकन पार्टी को सीनेट में बहुमत के लिए महज पांच सीटें और चाहिए.

टेक्सस में कांटे की टक्कर में सीनेटर और रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार रहे टेड क्रूज़ जीतने में सफल रहे हैं. टेड क्रूज़ ने डेमोक्रेटिक पार्टी के बेटो ओ'रोउर्के को हराया.

जैरेड पोलिस पहले गे हैं जो गवर्नर बनने की तरफ़ बढ़ रहे हैं. डेमोक्रिट पार्टी के पोलिस कोलाराडो के गवर्नर के चुनाव में आगे चल रहे हैं. समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक़ वो 51.4% मतों से आगे हैं.

डेमोक्रेटिक पार्टी को दो डिस्ट्रिक्ट वर्जीनिया और फ्लोरिडा में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में जीत मिली है

अमरीका में कांग्रेस के लिए हुए चुनाव में फॉक्स न्यूज़ का कहना है कि डेमोक्रेटिक पार्टी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में बहुमत हासिल कर लेगी.

वहीं एनबीसी न्यूज़ का कहना है कि हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेटिक पार्टी के जीतने की संभावना 65 फ़ीसदी है. सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी की बढ़त बताई जा रही है.

क्यों अहम है मध्यावधि चुनाव
अमरीका में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट यानी कांग्रेस के लिए हुए चुनाव के नतीजों का ट्रंप के कार्यकाल के बाक़ी के दो साल और आगे की राजनीति पर गहर असर पड़ेगा.

यह पहली बार है जब पूरी दुनिया की नज़र अमरीका के इस मिडटर्म चुनाव पर है. मिडटर्म यानी मध्यावधि चुनाव. मध्यावधि चुनाव इसलिए कहा जाता है क्योंकि अमरीकी राष्ट्रपति का आधा कार्यकाल ख़त्म हो जाता है तब कांग्रेस के लिए यह चुनाव होता है.

विशेषज्ञों का कहना है कि अमरीका के इस मध्यावधि चुनाव में पिछले 50 सालों में सबसे ज़्यादा मतदान हुए हैं. इससे पहले अमरीकी नागरिक इस चुनाव को राष्ट्रपति चुनाव की तरह गंभीरता से नहीं लेते थे और मतदान करने में उस तरह का उत्साह नहीं दिखाते थे.

Comments